सोनीपत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह से पहले मंगलवार को योग मैराथन का आयोजन होगा। कार्यक्रम योग मैराथन व 21 जून के समारोह की तैयारियों को लेकर एसडीएम निशांत यादव ने सोमवार को अधिकारियों की मीटिंग ली। एसडीएम ने बताया कि योग मैराथन मंगलवार सुबह 6 बजे लघु सचिवालय से शुरू होगी और डीसी केएम पांडुरंग मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि मैराथन लघु सचिवालय से शुरू होकर गोहाना रोड, गढ़ी ब्राह्मणान, महलाना रोड, महलाना चौक, सुभाष स्टेडियम, छोटूराम चौक होते हुए दोबारा लघु सचिवालय पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि लड़के व लड़की दोनों की मैराथन दौड़ अलग-अलग करवाई जाएगी और यह करीब चार किलोमीटर की होगी। मैराथन में स्कूल, कालेजों के अलावा शहर के बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं शिरकत करेंगे।