सोनीपत। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में दाखिले के लिए चल रही आवेदन प्रक्रिया के अब महज पांच दिन शेष हैं। ऐसे में आवेदन करने वालों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। संस्थान में आठ पाठ्यक्रमों की निर्धारित 630 सीटों पर अब तक 892 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। जिनका साथ ही सत्यापन कार्य भी चल रहा है।
संस्थान प्रबंधन का कहना है कि शेष दिनों में आवेदन की संख्या में और इजाफा होगा। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में डिप्लोमा इंजीनियरिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है। जो आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, उनके सत्यापन का काम भी चल रहा है। डिप्लोमा इंजीनियरिंग की वरियता सूची 19 जून व डिप्लोमा इंजीनियरिंग लेटरल एंट्री की वरियता सूची 21 जून को जारी की जाएगी। दाखिला शाखा प्रभारी राजीव वर्मा ने बताया कि तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि पहले 03 जून वहीं लेटरल एंट्री स्कीम में आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 मई निर्धारित की गई थी। हालांकि, विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए विभाग ने तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि को 17 जून और लेटरल एंट्री स्कीम के तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग के सीधे दूसरे साल में ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 18 जून कर दिया था।