गोहाना। बस अड्डा परिसर में शरारती तत्वों पर निगरानी के लिए 8 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनके लगने से कुल कैमरों की संख्या 14 हो जाएगी।
बस अड्डा परिसर में वाहन चोरी और यात्रियों के साथ होने वाली चोरी के मामलों को देखते हुए अधिकारियों ने सीसीटीवी की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। सीसीटीवी लगने के बाद बस अड्डे परिसर में किसी प्रकार की घटना होने पर संदिग्ध की आसानी से पहचान की जा सकेगी। बस अड्डा परिसर में सुरक्षा के लिए पहले से 6 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। मगर उनकी रेंज अधिक नहीं थी। वे कैमरे केवल परिसर को ही कवर करते हैं। बसों के काउंटर और बाहरी परिसर में सीसीटीवी की रेंज नहीं होती, जिसकी वजह से अप्रिय घटना होने की स्थिति में पुलिस को अपराधियों की पहचान करने में काफी परेशानी होती है। झपटमार यात्रियों के साथ चैन स्नेचिंग करने के बाद निकल जाते हैं।
पार्किंग से वाहन चोरी पर लगेगा अंकुश
बस अड्डा में वाहन पार्किंग की व्यवस्था हो गई है। इससे चोरी पर अंकुश लगेगा। पार्किंग की सुविधा नहीं होने से बस अड्डा परिसर में दोपहिया वाहन की ज्यादा चोरी हो रही थी। इस एरिया में सीसीटीवी लगने के साथ पार्किंग के कर्मचारी नजर रखेंगे। सीसीटीवी लगने के बाद संदिग्ध की आसानी से पहचान हो सकेगी। इससे बस अड्डा परिसर में चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
यहां पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी
सीसीटीवी लगाने के लिए रोडवेज अधिकारियों ने उन प्वाइंटों को चिह्नित किया है, जहां पहले से लगे हुए सीसीटीवी की रेंज नहीं है। अधिकारियों के अनुसार वर्कशॉप, बस अड्डा गेट, बस काउंटर, पार्किंग, बस अड्डा का बाहरी परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
बस अड्डा परिसर में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी की संख्या बढ़ाई जाएगी। अड्डा परिसर में 8 और सीसीटीवी लगाए जाने हैं। इसके लिए मुख्यालय से मंजूरी मांगी है। -दिलबाग मलिक, स्टेशन सुपरवाइजर, बस अड्डा, गोहाना