राई (सोनीपत)। जीटी रोड पर गांव रसोई के पास शराब से भरी एक कार बेकाबू होकर पलट गई। इससे शराब की करीब 250 बोतलें सड़क किनारे बिखर गईं। चालक किसी तरह कार से निकलकर फरार हो गया। शराब की बोतलों को सड़क पर बिखरा देख आसपास के लोग वहां पहुंच गए और बोतलें उठाने लगे। सूचना मिलने पर कुंडली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लोग काफी बोतलें उठाकर ले जा चुके थे। बाकी बोतलों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कुंडली थाना एसएचओ प्रवीण ने बताया कि पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है और उसके आधार पर मालिक का पता लगाया जा रहा है। उसके बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।