संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। संयुक्त पात्रता परीक्षा को लेकर जिले में बनाए गए 53 परीक्षा केंद्रों पर दूसरे दिन 59.09 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी व जैमर की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। परीक्षा में गड़बड़ी की गुंजाइश को खत्म करते हुए इस बार एक प्रश्न के पांच विकल्प दिए गए थे। इनमें पहले चार विकल्प प्रश्न से संबंधित उत्तर के थे और पांचवां विकल्प नहीं पता था। जिस अभ्यर्थी को प्रश्न का उत्तर नहीं पता, उसे पांचवां विकल्प भरने के निर्देश दिए गए थे।
जिला प्रशासन ने सीईटी को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए कड़ी व्यवस्था की गई थी। सीईटी को लेकर जिले में केंद्रों पर 84672 अभ्यर्थियों को रोल नंबर जारी किए गए थे। इनमें से दोनों दिन में 49598 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 35074 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों में कई चरण की जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। दस्तावेजों के साथ चेहरे व अंगूठों की भी बायोमीट्रिक हाजिरी हुई। महिला परीक्षार्थियों को पायल, कंगन, सोने की चेन, अंगूठी पहनकर जाने की इजाजत नही दी गई।
अधिकारियों ने केंद्रों का किया निरीक्षण
सीईटी के नोडल अधिकारी एसडीएम निर्मल नागर व एसडीएम सोनीपत अमित कुमार ने रविवार को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी के कंट्रोल रूम, जैमर के साथ अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया।
किस सत्र में कितने अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
दोनों सत्रों में कुल पंजीकृत अभ्यर्थी : 42336
-दोनों सत्रों में उपस्थित अभ्यर्थी : 25017
-दोनों सत्रों में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थी : 17319
प्रात:कालीन सत्र
कुल पंजीकृत अभ्यर्थी : 21168
परीक्षा में उपस्थित अभ्यर्थी : 12463
परीक्षा में अनुपस्थित अभ्यर्थी : 8705
उपस्थिति फीसद : 58.88
सायंकालीन सत्र
कुल पंजीकृत अभ्यर्थी : 21168
परीक्षा में उपस्थित अभ्यर्थी : 12554
परीक्षा में अनुपस्थित अभ्यर्थी : 8614
उपस्थिति फीसद : 59.31
वर्जन
सीईटी दोनों सत्रों में शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाने-ले जाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे।
-डॉ. मनोज कुमार, उपायुक्त, सोनीपत