राई। मुरथल स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में आए फैक्टरी मालिक की कार से 50 हजार रुपये और कागजात से भरा बैग चोरी हो गया। वह बैंक के बाहर कार का बोनट देख रहे थे तो किसी ने बैग चुरा लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के प्रीतमपुरा निवासी रमन कुमार ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि उनकी बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में रंग-पेंट बनाने की फैक्टरी है। उनका बैंक खाता मुरथल स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में है। वह शुक्रवार दोपहर को कार चालक मध्य प्रदेश के गमरिया निवासी रामबहोर के साथ बैंक आए थे। उन्होंने कार को बाहर खड़ी कर दिया और अंदर चले गए। जब वह काम खत्म करने के बाद बाहर आए तो अचानक उन्हें और चालक को खांसी आने लगी। वह कार से निकल कर बोनट देखने लगे। इसी दौरान दो युवक भागते हुए दिखाई दिए। वह कार में वापस आए तो बैग गायब मिला। उनके बैग में 50 हजार रुपये और कागजात थे। उन्हें शक है कि युवकों ने ही उनका बैग चोरी किया है। साथ ही उन्हें आशंका है कि युवकों ने कोई स्प्रे फेंका था, जिससे उन्हें खांसी आने लगी थी। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है।