सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के लाख जतन के बाद भी नकल नहीं रुक रही है। शिक्षा बोर्ड की तरफ से नकल रोकने के लिए किए गए प्रबंधों के बीच नकल के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को 12वीं कक्षा के भौतिक और अर्थशास्त्र के पेपर में 42 विद्यार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया। सभी विद्यार्थियों की यूएमसी बनाई गई है। इनमें से 28 यूएमसी अकेले गांव शहजादपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर बनाए गए हैं।
बोर्ड के संयुक्त सचिव डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में उड़नदस्ते ने शहजादपुर परीक्षा केंद्र के पर्यवेक्षक प्रदीप चौहान व अमित दहिया को परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने पर कार्यभार मुक्त कर दिया। शिक्षा बोर्ड ने 10वीं व 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाने के अनेकों दावे किए थे। नकल रोकने के लिए नई तकनीक का भी प्रयोग किया था। यही नहीं सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। इसके बावजूद नकल के मामले नहीं रुक रहे। शुक्रवार को 12वीं कक्षा का भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र का पेपर रहा। जिले में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्ता टीमों ने निरीक्षण किया और नकल करते पकड़े गए परीक्षार्थियों के यूएमसी बनाए गए।
संयुक्त सचिव उड़नदस्ता ने 36 परीक्षार्थियों के बनाए यूएमसी हरियाणा बोर्ड के संयुक्त सचिव डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में गठित उड़नदस्ता ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर 36 परीक्षार्थियों के यूएमसी बनाए। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करेवड़ी व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल-2 में एक-एक, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली में 6 यूएमसी बनाए।
वहीं गांव शहजादपुर स्थित एमपीजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 28 परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा। सभी के यूएमसी बनाए गए। उड़नदस्ता टीम ने शहजादपुर केंद्र पर कार्यरत पर्यवेक्षक प्रदीप चौहान व अमित दहिया को परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त कर दिया।
जिले में गठित टीमों ने 6 परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा
शिक्षा बोर्ड के उड़नदस्तों के अलावा जिले में गठित उड़नदस्ता टीमों ने नकल रोकने के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान 6 विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा। इनमें गांव बरोदा के परीक्षा केंद्र पर चार परीक्षार्थियों, सोनीपत के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व कबीरपुर रोड स्थित स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर एक-एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा, सभी के यूएमसी बनाए गए।
बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थी अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने से बाज नहीं आ रहे। नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के लिए सभी शिक्षक अपना पूर्ण सहयोग दें। सभी के प्रयासों से ही नकल पर अंकुश लग सकता है। परीक्षार्थी भी अनुचित साधन का प्रयोग न कर अपने विवेक से परीक्षा दें। -महेश कुमार, बोर्ड अधीक्षक, सोनीपत