फोटो 43- गन्नौर के लहरी सिंह पार्क में लगा गंदगी का ढेर। संवाद
गन्नौर। लहरी सिंह पार्क के रखरखाव के लिए नगरपालिका की तरफ से प्रतिमाह 40 हजार रुपये खर्च करने के बावजूद पार्क में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। ठेकेदार की तरफ से पार्क की देखरेख में कोताही बरती जा रही है। इसके चलते दिसंबर में पेमेंट पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद पार्क के हालात नहीं सुधरे हैं।
लहरी सिंह पार्क शहर का प्रमुख पार्क है। नगर पालिका की अनदेखी से यहां सफाई और माली का उचित प्रबंध नहीं हो सका है। पार्क में ओपन जिम है। पेड़-पौधों की सेहत खराब हो रही है। घास भी बिना पानी व देखरेख के खराब होने की कगार पर है। पार्क में सैर करने के लिए बनाए गए रास्ते में मिट्टी डाली गई है। पार्क में जगह-जगह ईंट व कचरा पड़ा हुआ है। पार्क की देखरेख पर नगरपालिका की तरफ से नवंबर को छोड़कर लगातार पेमेंट होती रही है। पार्क में सैर करने वाले लोगों ने बताया कि पार्क की देखरेख का काम करने वाले ठेकेदार के साथ एक पार्षद भी काम करता है। पहले ठेके में भी पार्षद सहयोगी था। इसके बावजूद भी पार्क की देखरेख में लापरवाही बरती जा रहा है।
अब प्रतिमाह 42 हजार रुपये होंगे खर्च
नगरपालिका के एमई जगदेव ने बताया कि अब लहरी सिंह पार्क की देखरेख के लिए शिव कैलाश संस्था को टेंडर दिया है। पार्क की देखरेख पर प्रतिमाह 42,126 रुपये खर्च होंगे।