सोनीपत। गांव शहजादपुर के खाद-बीज विक्रेता को खाद कंपनी की डीलरशिप देने का झांसा देकर 3.30 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पीड़ित से अलग-अलग खातों में राशि जमा करवाई गई। बाद में 20 लाख की मांग करने लगे तो पीड़ित को शक हुआ। जिस पर मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव शहजादपुर निवासी जगमोहन ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह गांव में सागर खाद भंडार के नाम से दुकान चलाते हैं। उनके पास 15 फरवरी को मोबाइल पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को खाद कंपनी का मैनेजर बताते हुए अपना नाम अजीत बताया। उसने नेशनल फर्टिलाइजर कंपनी की डीलरशिप देने की बात कही। जिसके चलते उसने आधार कार्ड, पैन कार्ड, लाइसेंस (खाद-बीज) फोटो ई-मेल पर भेजने के लिए कहा। उसने सभी दस्तावेज ई-मेल पर भेज दिये। उसके बाद 16 फरवरी को उनके पास फिर से कॉल आई। जिसमें कंपनी की तरफ से अनुमति मिलने की बात कही। साथ ही डीलरशिप के लिए एक लाख रुपये की मांग की। उन्हें खाता नंबर दिया गया। जिस पर उन्होंने अपने दो खातों से 50-50 हजार भेज दिए। उसके बाद 17 फरवरी को उसी नंबर से फिर से कॉल आई। जिसमें एग्रीमेंट कराने की एवज में 2 लाख 30 हजार 400 रुपये जमा करवाने के लिए कहा गया। उन्होंने यह राशि भी जमा कर दी। पीड़ित ने बताया कि उसे कंपनी के साथ एग्रीमेंट होने की बात फिर से बताई। जिसके लिए फार्म भेजा गया। फार्म पर हस्ताक्षर करके 20 लाख रुपये देने को कहा गया। फार्म पर किसी के हस्ताक्षर न होने के चलते उन्हें शक हुआ। जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बैंक खातों की जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाएगी।