खरखौदा। गांव रोहणा से शराब तस्करी की सूचना पर पुलिस ने अवैध शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस ने अलग-अलग मार्का की अंग्रेजी शराब की 324 पेटी बरामद की। पुलिस ने दो कैंटर कब्जे में लेने के साथ छह आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को मंगलवार रात सूचना मिली कि रोहणा गांव का एक व्यक्ति शराब की तस्करी करता है। गांव से शराब की पेटियों को कहीं ओर लेकर जाने के लिए एक कैंटर में लोड किया जा रहा है। सूचना पाकर पुलिस व आबकारी निरीक्षक अशोक मलिक रोहणा गांव स्थित एक प्लॉट में पहुंचे। टीम को मौके पर उत्तर प्रदेश व राजस्थान नंबर के दो कैंटर खड़े मिले। जिनमें से शराब की पेटियां एक कैंटर से उतार कर दूसरे में लोड की जा रही थी। मौके पर पुलिस टीम ने छह लोगों को पकड़ा। जिन्होंने अपनी पहचान गांव मटिंडू निवासी गौरव, गांव रोहणा निवासी मुकेश व पवित्र, पंजाब के लुधियाना निवासी सुरेंद्र पाल, कैंटर चालक राजस्थान के कोटा निवासी निवासी सरबजीत व दूसरे कैंटर चालक ने अपनी पहचान करनाल के गांव खेड़ी सरफ निवासी सुखविंद्र के रूप में दी। टीम ने मौके से अंग्रेजी शराब मार्का मैकडोल नंबर-1, रॉयल स्टैग व रॉयल चैलेंज की 324 पेटी बरामद की। जिन्हें लेकर लोगों से जानकारी मांगी गई तो वह कोई कागजात नहीं दिखा पाए। ऐसे में टीम ने शराब से भरे कैंटरों को अपने कब्जे में लिया। सभी छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है।
गांव रोहणा से 324 पेटी अवैध शराब बरामद की गई है। साथ ही दो कैंटर कब्जे में लेने के साथ ही छह लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। --सुनील कुमार, थाना प्रभारी खरखौदा