गोहाना। नगर परिषद कार्यालय की ओर से बिजली निगम का 3 करोड़ 20 लाख रुपये का बिल बकाया है। बिजली निगम की ओर से नगर परिषद को नोटिस जारी किया है। साथ ही कहा गया है कि यदि बिजली का बिल नहीं भरा गया तो कनेक्शन काट दिया जाएगा।
बिजली निगम की ओर से बकाया बिजली बिलों का जल्द भुगतान करने के लिए नगर परिषद को कई बार नोटिस दिए गए हैं, लेकिन नप अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अब बिजली निगम ने नगर परिषद को अवगत कराया है कि जल्द ही बिजली के बिल का भुगतान करें, अन्यथा बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा।
बिजली निगम के उपमंडल अभियंता विकास सूर्यवंशी ने बताया कि बिजली की बिल जमा करने के लिए कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन अधिकारी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे। यदि जल्द बिजली बिल का भुगतान नहीं किया गया तो कनेक्शन काट दिया जाएगा।