नियम तोड़ने पर 915 वाहन
चालकों के चालान काटे
सोनीपत। पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर यातायात नियम तोड़ने वाले 915 वाहन चालकों के चालान काटे । इस दौरान हेलमेट व सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले वाहन चालकों को नियमों केपालन की हिदायत दी गई। एसएसपी सतेंद्र गुप्ता ने बताया कि सोमवार को यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई की गई। डीएसपी मुकेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत नियम तोड़ने वालों से सख्ती से निपटा गया। पुलिस ने 915 वाहनों के चालान किए। इसमें हाईवे ट्रैफिक पुलिस ने एचआईडीसी कुंडली, जाटी चौक, प्याऊ मनियारी, नाथूपुर चौक, बीसवां मील चौक, बहालगढ़ चौक, सेक्टर 7-8 मोड़, मुरथल चौक, भिगान चौक, कुमासपुर चौक व गन्नौर चौक पर चालान किए गए। साथ ही शहर सोनीपत, गोहाना, खरखौदा में भी चालान किए गए। एसएसपी ने कहा कि इस अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा। नियमों की पालना से लोगों की जिंदगी को बचाया जा सकता है। ब्यूरो