अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। सड़कों पर घूम रही गायों को सुरक्षित रखने और उनकी देखभाल करने के लिए नगरपालिका रोहतक मार्ग पर ढाई एकड़ में नंदीशाला बनाएगी। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। फिलहाल मटिंडू मार्ग पर अस्थाई तौर पर नंदीशाला चलाई जा रही। वहां भूमि कम होने के कारण जनस्वास्थ्य विभाग की करीब डेढ एकड़ भूमि को अस्थाई तौर पर नंदीशाला बनाने के लिए लिया गया है। वीरवार को नोडल अधिकारी डॉ. रितु के नेतृत्व में एसडीएम राकेश कुमार, पालिका सचिव राजेंद्र प्रसाद ने आईटीआई के पीछे की जमीन का जायजा लिया। उन्होंने उसे सही नहीं माना। इसके बाद पंच पीरों के पीछे जनस्वास्थ्य विभाग की भूमि को देखा और वहां पर अस्थाई तौर पर नंदीशाला बनाने को हरी झंडी दे दी। इसके बाद एसडीएम ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बात की और उसे समतल कराने का काम शुरू करा दिया गया। उन्होंने बताया कि रोहतक मार्ग पर नगरपालिका की ढाई एक भूमि है, जिसमें स्थाई नंदीशाला बनाई जाएगी।