नरवाना। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने कैथल रोड स्थित जींद ओवरब्रिज के पास एक स्विफ्ट कार से 25 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर कार भी कब्जे में ले ली है। आरोपियों की पहचान विक्रमजीत निवासी मानस, बिट्टू निवासी वजीरखेड़ा (कैथल) और रविंद्र निवासी गांव लोहचब (जींद) के रूप में हुई है। सीआईए प्रभारी यादविंदर सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक शमशेर सिंह के नेतृत्व में टीम कैथल रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान ओवरब्रिज के पास संदिग्ध हालत में खड़ी स्विफ्ट कार दिखाई दी। पुलिस ने कार में सवार तीनों युवकों को काबू कर तलाशी ली तो 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीनों के खिलाफ शहर थाना नरवाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है। संवाद