सोनीपत। मॉडल टाउन स्थित डाकघर से रुपये निकालने के बाद ई-रिक्शा से होकर घर जा रही महिला के पर्स से 22 हजार रुपये चोरी हो गए। महिला ने चोरी का आरोप रास्ते में ई-रिक्शा में सवार हुईं दो युवतियों पर लगाया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला कलां निवासी गुंजन छाबड़ा ने बताया कि बच्ची की फीस जमा करने के लिए उन्होंने मॉडल टाउन स्थित डाकघर से 22 हजार रुपये निकाले थे। रुपये लेकर वह ई-रिक्शा में सवार होकर घर जा रही थीं। वोडाफोन केयर के पास दो युवती ई रिक्शा में सवार हो गईं। दोनों युवती सुभाष चौक पर उतर गईं। कुछ दूर चलने के बाद वह किराया देने के लिए पर्स से पैसे निकालना चाहीं तो देखा कि उनके पर्स के नकदी गायब है। पीड़ित ने शक जताया कि ई-रिक्शा में सवार हुई युवतियों ने रुपये निकाले हैं। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।