21 को संसद कूच और 1 मार्च को जनस्वास्थ्य मंत्री का घेराव करेंगे कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। पीडब्ल्यूडी के फील्ड कर्मचारी 21 फरवरी को नई पेंशन स्कीम को रद कराने, पुराने पेंशन लागू कराने व कच्चे कर्मियों को पक्का कराने की मांग को लेकर सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर संसद कूच करेंगे। यह निर्णय सोमवार को गोहाना रोड स्थित हरियाणा गर्व. पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल वर्कर्स यूनियन के कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कन्वेंशन में लिया गया। साथ ही सरकार द्वारा पब्लिक हेल्थ कर्मियों को नगर निगम के हवाले करने, गांवों में जलघरों की पानी सप्लाई व मशीनरी की रिपेयरिंग को निजी हाथों में सौंपने का विरोध किया जाएगा। यूनियन के प्रांतीय चेयरमैन शीलक राम मलिक व ऑडिटर सुरेंद्र कुमार ने कहा कि सभी मांगों को लेकर 1 मार्च को जनस्वास्थ्य मंत्री डा. बनवारी लाल के कैंप कार्यालय बावल का घेराव किया जाएगा। उसी दिन से अनिश्चित धरना शुरू किया जाएगा। जिसमें 2 मार्च से जिलेवार धरने दिए जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान ओमप्रकाश मलिक ने की, जबकि संचालन जिला सचिव ओमप्रकाश तिहाड़ मलिक ने किया। इस दौरान जयभगवान शर्मा, बिरेंद्र सरोहा, इंद्र पहल, रामनिवास मोई, गंगाराम, राजसिंह, सुमित दहिया, संदीप, नरेश अहलावत, मुल्कराज, नरेश, आनंद हुड्डा आदि मौजूद रहे।