अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। किसानों का कर्जा मुक्त करवाने और फसलों का उचित मूल्य देने की मांग को लेकर भाकियू (अ) के पदाधिकारी बुधवार को लघु सचिवालय पहुंचे। वहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने डीसी को राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांगपत्र सौंपा। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष शमशेर सिंह दहिया ने कहा कि फसलों का उचित मूल्य न मिलने से प्रदेश में कर्ज के बोझ तले किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। किसानों को मांगों को पहले भी कई बार ज्ञापन दिए हैं, लेकिन न तो केंद्र ने और न ही प्रदेश सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान दिया है। आज प्रदेश के किसान इस बात से ज्यादा दुखी है कि भाजपा ने किसानों के साथ वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद फसलों को डेढ़ गुणा मूल्य दिया जाएगा। लेकिन, सरकार आज इस वायदे से अपना मुंह मोड़ रही है। सरकार से मांग है कि सभी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, अन्यथा भाकियू (अ) किसानों के साथ मिलकर जेल भरो आंदोलन करेंगी। इसकी एक प्रति पीएम व सीएम को भी भेजी। इस अवसर पर अतर सिंह, कमलेश, राजकुमार, नफेसिंह, ओमप्रकाश सहित अन्य मौजूद रहे।