मुरथल विवि में छात्र को च्वाइस का मिलेगा हॉस्टल, ऑनलाइन करना होगा अप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि मुरथल में अब लड़कों को हॉस्टल लेने के लिए लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं होगी। अब छात्र स्वयं की च्वाइस से हॉस्टल ले सकेंगे। हॉस्टल में आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। हॉस्टल के ऑनलाइन पोर्टल को मंगलवार को वीसी प्रो.राजेंद्र कुमार अनायत ने लांच किया। वीसी प्रो.राजेंद्र कुमार अनायत ने कहा कि विवि में लड़कों के चार हॉस्टल हैं। विद्यार्थी को हॉस्टल लेने के लिए पहले ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद विद्यार्थी को ऑनलाइन फीस जमा करवानी होगी। फीस जमा करवाने के बाद ही अलॉटमेंट की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। विद्यार्थी अपनी च्वाइस से हॉस्टल के रूम भर सकेंगे। यह छात्र पर निर्भर होगा कि उसे सिंगल या डबल रूम चाहिए। पहले आओ, पहले पाओ की प्रक्रिया के आधार पर ही छात्र अपनी पसंद का हॉस्टल ले सकेंगे। हॉस्टल के लिए पोर्टल विवि के प्रोग्रामर अमित दहिया ने बनाया है। इस दौरान प्रो. रमेश कुमार व प्रोग्रामर अमित दहिया उपस्थित रहे।