सोनीपत। बहालगड़ स्थित इंद्रा कालोनी में घर की छत से गुजर रही हाईटेंशन बिजली तारों की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया है। मूलरूप से यूपी के बड़ौत कर रहने वाला योगेश (32) फिलहाल इंद्रा कॉलोनी में रहता था। वह अपने घर की छत पर टहल रहा था। इसी दौरान वह हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गया। जिससे वह बुरी तरह से झुलस गया। परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से उसे सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान योगेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।