सोनीपत। शहर के देवडू रोड स्थित जीवन विहार में मामूली कहासुनी के बाद पड़ोसी युवक की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी मुकेश कुमार है। पुलिस ने उससे हथियार भी बरामद कर लिया है। जीवन विहार की गली नंबर 4 के रहने वाले माईराम ने पुलिस को बताया था कि वह अपने बेटे जसमेर के साथ शनिवार रात करीब सवा एक बजे घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान उनका पड़ोसी मुकेश गाड़ी लेकर आया। उसने उसके बेटे जसमेर से रात को गली में खड़ा होने की बात कहकर कहासुनी कर दी थी। बाद में मुकेश ने उसके बेटे को गालियां देते हुए गोली मार दी थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी मुकेश को काबू कर लिया है। थाना प्रभारी राव वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी मुकेश के कब्जे से पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।