ट्रेनिंग पूरी होने पर शहर में लाठी लेकर प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। लड़कियों को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग देने के बाद बुधवार को समतामूलक महिला संगठन ने शहर में लाठी लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए जागरूक किया गया। समतामूलक महिला संगठन की अध्यक्ष डॉ. सुनीता त्यागी पिछले दो माह से ट्रेनिंग कैंप चला रही थीं। इसमें लड़कियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे थे। इसके बाद बुधवार को शहर में लाठी लेकर चलते हुए प्रदर्शन किया गया। शहर के विभिन्न चौराहों पर लाठी चलाकर महिलाओं और लड़कियों को बताया गया कि विपरित परिस्थितियों से कैसे निपटा जा सकता है। संगठन की अध्यक्ष डॉ. सुनीता त्यागी ने कहा कि ट्रेनिंग कैंप के दौरान लड़कियों को कराटे, लाठी आदि चलाने का प्रशिक्षण दिया गया।