सोनीपत। स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी टीम ने वीरवार को रतनगढ़ गांव के एक मकान में छापा मारा। वहां से टीम ने गर्भपात करते हुए दाई को रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके कब्जे से 18 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की गई। टीम ने दाई के खिलाफ मोहाना थाने में मामला दर्ज करवाया और उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डा. आदर्श शर्मा ने बताया कि उन्हें काफी समय से रतनगढ़ गांव में गर्भपात कराने की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद एक टीम का गठन किया गया। टीम ने फर्जी ग्राहक बनाकर दाई इंद्रा के पास भेजा, जिसने गर्भपात करने के लिए 18 हजार रुपये मांगे और वीरवार को आने का समय दिया। महिला को वीरवार को टीम ने दाई के घर भेज दिया और उसके पीछे से टीम भी दाई के घर पहुंच गई। उस समय दाई उस महिला का गर्भपात करने की तैयारी कर रही थी, जिससे टीम ने दाई को रंगें हाथों पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने महिला द्वारा दिए गए 18 हजार रुपयों को दाई इंद्रा से बरामद कर लिया। दाई के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।