सोनीपत। जमालपुरा में एक युवक पर हमलावर ने बर्फ तोड़ने के सुए से हमला कर उसे घायल कर दिया। युवक को घायल अवस्था में सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, खानपुर रेफर कर दिया। घायल के बयान पर ओल्ड चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जमालपुरा निवासी कमल ने बताया कि सोमवार को वह काम के सिलसिले में घर से निकला था। जब वह घर से आगे गली में पहुंचा तो वहां खड़े खटीक बस्ती निवासी हिमांशु से उसकी कहासुनी हो गई। इसी कहासुनी में उसने बर्फ तोड़ने का सुआ उसकी पीठ में मार दिया। उसकी चीख सुनकर उसका पिता मौके पर पहुंचा तो आरोपी जान से मारने की धमकी दे कर फरार हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जांच अधिकारी जगप्रीत ने बताया कि कमल के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द काबू कर लिया जाएगा।