फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: वैध बनीं ग्रामीण क्षेत्र की 13 काॅलोनियां

Sat, 07 Oct 2023 01:03 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र की 13 कॉलोनियों को वैध करके ग्रामीणों को तोहफा दिया है। करीब डेढ़ माह के अंतराल में यह दूसरी बार है। इससे पहले 17 अगस्त को 35 कॉलोनियों को वैध किया गया था। सरकार की ओर से शहरी क्षेत्र की कॉलोनियों को वैध करने में देरी की जा रही है। इससे शहरी लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र की कॉलोनियों के वैध होने के बाद विकास होने के साथ खरीद-फरोख्त में तेजी आएगी। इन 13 कॉलोनियों का विकास हरियाणा ग्रामीण विकास प्राधिकरण की ओर से कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों को इसका काफी फायदा होगा।
विज्ञापन

ग्रामीण क्षेत्र की अवैध कॉलोनियों में रहने वाली आबादी सरकारी सुविधाओं से वंचित है। टाउन एंड प्लानिंग विभाग की ओर से वैध किए जाने की प्रक्रिया पूरी की गई है। अब इन क्षेत्रों में सीवर, पानी, सड़क, और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे पहले 17 अगस्त को प्रदेश सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्र की 35 अवैध कॉलोनियों को वैध किया था। अब वैध कॉलोनियों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है। वहां रहने वाले लोग नक्शा पास करवाकर घर बना सकते हैं। निकाय क्षेत्र के तहत किसी भी कॉलोनी को वैध नहीं किया गया है। अभी उन कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया जारी है।
कॉलोनियों का सर्वे अलग-अलग हिसाब से किया
सरकार ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिए सर्वे को अलग-अलग हिसाब से किया था। इन्हें चार श्रेणियों में बांटा गया था, जिनमें 25 फीसदी तक बसी हो या 25 से 50 फीसदी तक बसी हो, तीसरी श्रेणी में 50 से 75 फीसदी तक बसी हो और चौथी श्रेणी में 75 फीसदी से ज्यादा एरिया में बसी कॉलोनी को शामिल किया गया था। ऐसे में अब इन कॉलोनियों में नियमित विकास कार्य हो सकेंगे। कॉलोनियों के नियमित किए जाने के बाद लोगों को राहत मिली है।
विज्ञापन



कॉलोनियां वैध होने पर विधायक ने की कार्यकर्ताओं के साथ बैठक

कालोनियों के वैध किए जाने पर विधायक मोहनलाल बड़ौली ने अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने मुख्यमंत्री के संबोधन को भी लैपटॉप पर दिखाया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक साथ प्रदेश के 14 जिलों की 303 अवैध काॅलोनियों को वैध किया है। यही नहीं मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि 31 जनवरी, 2024 तक प्रदेश की 1507 और काॅलोनियों को भी वैध किया जाएगा। यह जनहितकारी फैसला है, जिसके लिए मुख्यमंत्री बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि राई हलके की सभी अवैध कॉलोनियों को वैध किया गया है। विभिन्न गांवों में यह कॉलोनियां बसी हुई हैं। इस दौरान नगरपालिका कुंडली के वाइस चेयरमैन अशोक भारद्वाज, प्रदीप खत्री, मंडलाध्यक्ष अरुण चौहान, मुकेश, बिल्लू, सबौली के सरपंच सुनील कटारिया, बहालगढ़ के सरपंच राजेश कौशिक मौजूद रहे।




इन कॉलोनियों को किया गया है नियमित
कॉलोनी का नाम क्षेत्र
1. टेहा कॉलोनी 13.32 एकड़
2. शिव गार्डन न्यू कॉलोनी नाहरी 11.04 एकड़
3. पबसरा एक्सटेंशन कॉलोनी 2.81 एकड़
4. बड़वासनी-3 2.17 एकड़
5. बैंयापुर प्रजापति रोड कॉलोनी 3.23 एकड़
6. सफियाबाद एक्सटेंशन 6.02 एकड़
7. प्रधान कॉलोनी अटेरना 13.69 एकड़
8. ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस से अटेरना रोड़ 5.54 एकड़

9. गुरुद्वारा साहिब कॉलोनी गढ़ी उजाले खां 20.23 एकड़

10. बैंयापुर आबादी एक्सटेंशन 19.30 एकड़

11. नाहरी -3 66.14 एकड़

12. बाबा कॉलोनी जाखौली 8.96 एकड़

13. नाहरी श्रीराम कॉलाेनी-2 30.05 एकड़
मुख्यमंत्री की ओर से कॉलोनियों को वैध करने की मंजूरी दी गई है। डेढ़ माह पहले सोनीपत जिले की 35 कॉलोनियों को वैध किया गया था। -नरेश कुमार, जिला नगर योजनाकार, सोनीपत।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें