सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा को नकल रहित संचालित करवाने के लिए शिक्षा बोर्ड गंभीरता से कार्य कर रहा है। बोर्ड के चेयरमैन ने वीरवार को कुंडली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी की जांच की थी तो 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर में विद्यार्थी सामूहिक नकल करते मिले थे। जिसके आधार पर चेयरमैन ने इस परीक्षा केंद्र का अंग्रेजी विषय का पेपर रद्द कर दिया है। वहीं ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर परीक्षा केंद्र के पर्यवेक्षक को कार्यभार मुक्त कर दिया है। साथ ही इस परीक्षा केंद्र को सोनीपत शिफ्ट कर दिया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड 10वीं व 12वीं कक्षाओं की परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाने के लिए शिक्षा बोर्ड हर संभव प्रयास कर रहा है, लेकिन नकल के मामले नहीं रुक रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप अधिक नजर आ रहा है। वीरवार को 12वीं कक्षा का शारीरिक शिक्षा विषय का पेपर हुआ। नकल रहित परीक्षा के लिए गठित उड़नदस्तों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. वीपी यादव ने बताया कि सोनीपत के कुंडली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए कुंडली-1(बी-01) व कुंडली-2(बी-02) का निरीक्षण किया गया। इस परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो 15 मार्च को 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर में परीक्षार्थी सामूहिक नकल करते मिले। इसकी सूचना बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित कमांड एंड कंट्रोल रूम के माध्यम से मिल गई थी। जिसके बाद ही इस परीक्षा केंद्र की जांच की गई। जहां शारीरिक शिक्षा विषय का पेपर शांतिपूर्वक चल रहा था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों परीक्षा केंद्रों की 15 मार्च को संचालित अंग्रेजी विषय का पेपर रद्द कर दिया और दोनों परीक्षा केंद्रों को आगामी परीक्षाओं के लिए जिला मुख्यालय पर शिफ्ट कर दिया गया है।