खरखौदा। विधायक जयवीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है। तीन साल के शासनकाल में किसानों को बर्बाद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बाजरे की खरीद न किए जाने से किसानों में रोष व्याप्त है और वे अपनी मांगों को लेकर किसानों की ओर से दिए जा रहे धरने का समर्थन करते हैं। यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि भाजपा के नेताओं को राजनीति से ऊपर उठ कर किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य करना चाहिए। इतना ही नहीं उन्हें उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के साथ-साथ उनकी फसलों को खरीदा भी जाना चाहिए। उनका कहना है कि जब से भाजपा सरकार बनी है किसानों को हर कदम पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले समय में किसान वर्ग भाजपा को उसका असली चेहरा दिखा देगा। जहां हुड्डा सरकार ने किसानों की फसलों का उचित मूल्य दिया, वहीं पर किसानों के हर दु:ख दर्द को समझते हुए काम किया।