हरियाणा में चरखी दादरी के हीरा चौक स्थित श्रीराम लीला मंच पर मंचन के बाद घर लौट रहे कलाकार राजेंद्र कुमार पर कुछ युवकों ने लाठियों से हमला कर दिया। राजेंद्र को गंभीर अवस्था में स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अस्पताल में उपचाराधीन राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह रामलीला में हनुमान का रोल अदा कर रहा है। वह रात में होने वाले मंचन की रिहर्सल करके वापस घर जा रहा था। हीरा चौक पहुंचने पर पहले से वहां खड़े युवकों ने उसे घेर लिया। वह कुछ समझ पाता इससे पूर्व ही उन्होंने उसपर हमला कर दिया।
इसके बाद हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कुछ दुकानदारों ने राजेंद्र के परिजनों को सूचित कर उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल राजेंद्र ने बताया कि दो दिन पूर्व रामलीला मंचन के दौरान ही एक साथी कलाकार की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी।
उस समय उसने बीचबचाव किया था। उन्हीं युवकों ने उसपर हमला किया है। श्रीराम लीला कमेटी ने पुलिस से आरोपी युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।