चोपटा। गांव दड़बा कलां में दीवार के झगड़े में घायल हुए राजेश ने वीरवार को हिसार के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने सिरसा भादरा रोड पर धरना देकर जाम लगा दिया। परिजनों ने करीब एक घंटे तक रोड पर अवरोधक लगाकर लोगों की आवाजाही बाधित किए रखी।
वहीं मामले की सूचना पुलिस को मिली तो सीआईए सिरसा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए सीआईए ने हत्या का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
युवक की मौत मामले में पुलिस को दी शिकायत में गांव दड़बा कलां निवासी रोशनी पत्नी कालू राम ने बताया कि 13 अगस्त को स्नान घर बना रहे थे। उनके घर की दीवार पड़ोसी नत्थू राम के साथ लगती है। नत्थूराम ने उन्हें दीवार बनाने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। उसी दिन शाम को नत्थूराम, सेठी, टेकन, बिंटू राम, अमरदीप, सुनील व अमरदीप का भांजा आए और गाली गलौच करने लगे। इसके बाद राजेंद्र कुमार ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर पंचायती राजीनामा करवा दिया। फिर उसी दिन शाम को समय करीब साढ़े सात बजे वह व उसका लड़का राजेश घर से गांव में मेरी सास के पास जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइक व एक अल्टो कार में आए नत्थु राम, सेठी, टेकन, बिंटू राम, अमरदीप, सुनील व अमरदीप के भांजे ने रॉड व डंडों से मारपीट शुरू कर दी। जब वह बेटे राजेश को छुड़वाने लगी तो उन्होंने उसे धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने राजेश पर कई वार कर दिए। जब शोर मचाया तो लोगों को आता देखकर आरोपी मौके से भाग गए। उन्होंने घायल बेटे राजेश को दड़बा कलां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिला कराया। जहां से उसे सिरसा रेफर कर दिया। सिरसा में दो दिन उपचार के बाद हिसार के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान वीरवार रात्रि दो को उसकी मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। परिजनों को भी इस मामले की जानकारी दे गई है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-प्रदीप कुमार, सीआईए प्रभारी, सिरसा।
ग्रामीणों का समझाते हुए सीआईए प्रभारी प्रदीप कुमार ।- फोटो : Sirsa