कालांवाली में घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीओ रवि कंबोज व जेई गुरबक्श सिंह और दुकानदार। संवाद
- फोटो : Sirsa
कालांवाली। आरा रोड स्थित मोबाइल शॉप पर लाइटिंग बोर्ड लगाते समय एक कर्मचारी हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया। इससे वह बुरी तरह से झुलस गया। आसपास के दुकानदारों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया, जहां से उसे गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर सिरसा रेफर कर दिया।
मोबाइल शॉपस पर सैमसंग कंपनी का लाइटिंग बोर्ड लगाने एमपैक्ट कंपनी की टीम गाजियाबाद से कालांवाली व ओढ़ां में चयनित दुकानों आई थी। जब टीम आरा रोड पर मोबाइल शॉप पर लाइटिंग बोर्ड लगा रही थी। इस दौरान कर्मचारी 28 वर्षीय राहुल शेड के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज तारों की चपेट में आ गया। सिर में करंट लगने के बाद राहुल बुरी तरह से जख्मी होकर नीचे गिर गया। उसे साथी कुलदीप व राज सिंह ने दुकानदारों की सहायता से सीएचसी में भर्ती करवाया। बताया जा रहा है कि राहुल शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। इस दौरान दुकानदारों ने एकत्रित होकर बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उक्त समस्या को लेकर कई बार लिखित व मौखिक शिकायत देने के बाद भी समस्या का समाधान ना होने के कारण यह हादसा हुआ है।