सिरसा। डिंग थाना क्षेत्र के गांव भावदीन में एक युवक की नशे के कारण मौत हो गई। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नशे की सप्लाई करने वाले युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मृतक के पिता भान सिंह ने बताया कि उसके चार बेटे हैं। जिनमें से दो की शादी हो चुकी है और दो अभी अविवाहित हैं। सबसे छोटा बेटा 25 वर्षीय परमात्मा दिहाड़ी करता था। वह नशे की लत में पड़ गया और इंजेक्शन लगाने लग गया। दो माह से उन्होंने बेटे को घर में ही रखा हुआ था और दवाई देकर उसे नशा छुड़वाने का प्रयास कर रहे थे। बुधवार को वह दवाई लेने के लिए घर से चला गया तो मौका मिलते ही नशा सप्लाई करने वाले युवकों ने उसे नशे का इंजेक्शन दे दिया। इसके कारण उसकी मौत हो गई। जब वह शाम को घर पर पहुंचे तो उसका शव फर्श पर पड़ा हुआ मिला। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। मृतक के पिता ने बताया कि घर में कोई नहीं था तो नशा सप्लाई करने वाले युवक उसके घर पर पहुंच गए और उन्होंने घर से ही गेहूं के तीन बैग भरकर बेच दिए और नशा ले आए। नशे का अधिक सेवन होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके पश्चात युवक वहां से फरार हो गए।
वर्जन
नशे के कारण युवक की मौत होने का मामला आया है। मृतक के पिता के बयान दर्ज कर नशा सप्लाई करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - एसआई सुरेश कुमार, डिंग थाना प्रभारी, सिरसा।