संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला के गांव कागदाना में एक युवक की पानी की डिग्गी में गिरने से मौत हो गई। वीरवार सुबह घरवालों ने शव को कब्रिस्तान में दफना दिया।
गांव कागदाना निवासी बलवान का 19 वर्षीय पुत्र महमूद बुधवार शाम को घर से बाहर निकला था। 9 बजे तक वह नहीं लौटा तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। घरवाले उसे तलाश करते हुए पंचायती भूमि पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायती भूमि पर पानी की डिग्गी बनी हुई है। डिग्गी के पास महमूद की चप्पल पड़ी मिली। इसके बाद घरवालों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। घरवालों ने ग्रामीणों के सहयोग से पानी की डिग्गी में महमूद की तलाश की तो उसका शव मिला। रात 11 बजे शव को डिग्गी में से बाहर निकाला गया और वीरवार सुबह कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। गांव मेें चर्चा है कि महमूद पैर फिसलने से पानी की डिग्गी में जा गिरा होगा। घरवालों ने घटना की सूचना कागदाना चौकी पुलिस को नहीं दी। इस संबंध में कागदाना चौकी पुलिस से बात की गई तो इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें इस प्रकार की किसी घटना की जानकारी नहीं हैं।