हरियाणा के सिरसा के डिंग क्षेत्र के गांव भावदीन में रविवार को नशे के कारण युवक की मौत हो गई। परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया। युवक चिट्टे और मेडिकल नशे का आदी था। भावदीन निवासी 19 वर्षीय युवक आठवीं पास था। गलत संगत में पड़ने के कारण वह नशे का आदी हो गया था। युवक अपने साथियों के साथ मिलकर पहले चिट्टे का नशा करता था।
नशे की लत अधिक होने पर उसने मेडिकल गोलियों का घोल बनाकर इंजेक्शन से लेना शुरू कर दिया। नशे के कारण वह अकसर बीमार रहने लगा। उसके खून में थक्के जम गए। उसके परिजनों ने सिरसा के निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया। करीब 17 दिन पहले पहले उसकी सेहत अधिक खराब हो गई।
डॉक्टरों ने उसे जवाब दे दिया। इस पर तीन चार दिन पहले परिजन उसे घर ले आए। रविवार को घर पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, परिजनों ने इस मामले की कोई भी शिकायत पुलिस को नहीं दी है।
भावदीन में नशे के कारण किसी युवक के मौत की कोई सूचना नहीं मिली है। इस तरह की कोई भी शिकायत नहीं दी गई है। नशे का कारोबार करने वाले आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी है।
- सुरेश कुमार, डिंग थाना प्रभारी।
चिट्टे के धुएं में उड़ा दी आठ एकड़ जमीन
गांव भावदीन निवासी 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। उसने मौत से पहले अपनी पुश्तैनी आठ एकड़ जमीन भी चिट्टे के धुएं में उड़ा दी। युवक के गलत संगत में पड़कर नशे का आदी हो जाने के कारण परिवार के सदस्यों ने उससे किनारा कर लिया था।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सरेआम चिट्टा बिकता है। सप्लायर घरों के बाहर आकर नशे की सप्लाई करते हैं। बता दें कि गांव में नशा अधिक होने की शिकायतें आने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने भी इस गांव का चयन कर यहां पर सर्च अभियान चलाने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके बावजूद गांव में नशा सप्लायरों की गतिविधियों पर कोई अंकुश नहीं लगा।
सांसद ने गोद ले रखा है गांव
सांसद सुनीता दुग्गल ने गांव में विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए गोद ले रखा है। गांव की सीमा पंजाब क्षेत्र के साथ लगती है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को कदम उठाया जाना चाहिए।
पिता की पहले ही हो चुकी है मौत, अब बेटा भी चल बसा
युवक के पिता का देहांत स्वास्थ्य खराब होने के कारण करीब 10 वर्ष पहले हो गया था। ऐसे में अब इकलौते बेटे की भी मौत होने के कारण घर में केवल मां ही रह गई हैं। वहीं, ग्रामीणों ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि युवक नशे का आदी था, जिसके कारण उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी लड़ाई झगड़ा रहता था। यही वजह है कि परिवार के दूसरे सदस्यों ने भी मंगत के परिवार से मुंह मोड़ लिया।
स्कूल व खेतों में बैठकर साथियों के साथ करता था नशा
ग्रामीणों का कहना है कि युवक के अन्य चार पांच साथी भी नशे के आदी हैं। पहले वह चिट्टे का सेवन करते थे। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं रहने पर वह मेडिकल से नशे की गोलियां लेकर उसका घोल बना नशे का सेवन करना शुरू कर दिया। उक्त सभी युवक गांव के ही सरकारी स्कूल, खेतों और अन्य सुनसान जगह पर जाकर नशे के इंजेक्शन लगाते थे। ऐसे में अब युवक की मौत हो चुकी है।
गांव भावदीन में नशे के कारण युवक की मौत होने की कोई भी शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर नियम अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. अर्पित जैन, एसपी सिरसा।