सिरसा। शहर में कंगनपुर रोड शिव नगर निवासी 20 वर्षीय सौरव सोनी ने गांव झोपड़ा फाटक के करीब 100 मीटर की दूरी पर रेवाड़ी-फाजिल्का ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस बल ने मौके पर पहुंच शव कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। वहीं जांच में मृतक सौरव की जेब से सुसाइड नोट मिला। बताया गया है कि युवक किसी युवती के लगातार फोन पर तंग करने के चलते परेशान था। लड़की के मौसा व मौसी भी उसे परेशान कर रहे थे।
मृतक सौरव के भाई मुकेश सोनी ने पुलिस को बताया कि सौरव लॉर्ड शिवा कॉलेज में डीएमएलटी में फाइनल की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को सुबह साढे 6 बजे स्कूटी पर सवार होकर घर से निकला था। करीब दो घंटे बीत जाने तक जब सौरव घर नहीं आया तो अपने आस पड़ोस में व सौरव के दोस्तों से भी फोन पर जानकारी ली तो कहीं भी उसका पता नहीं मिलने पर चिंता बढ़ने लगी। तभी करीब 10 बजे रेलवे पुलिस की ओर से फोन आया कि आपके भाई के साथ हादसा हो गया है। पुलिस ने सौरव की जेब से सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें तीन लोगों के नाम हैं। पत्र में एक लड़की और उसके मौसा-मौसी के नाम शमिल हैं।
युवती से परेशान होकर की आत्महत्या
मुकेश ने बताया कि सुसाइड नोट में जिस लड़की का नाम है वह कई दिनों से मेरे भाई को फोन और मैसेज कर के परेशान कर रही थी। हमने दो दिन पहले लड़की के घर जाकर उसको समझाया भी था कि आगे से मेरे भाई को फोन और मैसेज न करें। उसी से परेशान आकर मेरे भाई सौरव ने ऐसा कदम उठाया है।
सुबह 10 बजे रेवाड़ी-फाजिल्का ट्रेन के आगे कूदकर युवक सौरव ने आत्महत्या कर ली है। मृतक सौरव की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें एक लड़की सहित तीन लोगों के नाम हैं। उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
-रणवीर सिंह, रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी।