सिरसा। सदर थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव कंगनपुर क्षेत्र से एक युवक को करीब साढ़े तीन लाख रुपये की 35 ग्राम हेरोइन सहित काबू करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान अमित कुमार उर्फ छंटी पुत्र मनफूल निवासी एमसी कॉलोनी डिपो वाली गली कंगनपुर रोड सिरसा हाल भारत नगर के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि सदर थाना पुलिस के सहायक उप निरीक्षक जगदीश चंद्र के नेतृत्व में एक टीम गश्त व चेकिंग के दौरान सिरसा से कंगनपुर रोड होते हुए गांव कंगनपुर की तरफ जा रही थी। इस दौरान पुलिस पार्टी जब गांव कंगनपुर के नजदीक पहुंची तो सड़क किनारे एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। जिसने सामने से आ रही पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया तो शक के आधार पर उक्त युवक को काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली तो युवक के पास से 35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक के खिलाफ थाना सदर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।