ओढां। गांव नुहियांवाली में 6 युवकों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस संबंध में ओढां पुलिस ने 6 युवकों के खिलाफ मारपीट के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वह खेत में कार्य कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही प्रभजीत व राहुल आए और उसे गांव में पंचायत होने की बात कही। जिस पर वह पंचायत मेें आ गया। आरोप है कि पंचायत के दौरान उसकी राहुल कुमार के साथ कहासुनी हो गई। जिसके बाद राहुल कुमार, प्रभजीत, कपिल, राहुल, मनोज व विनोद सहित 6 युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सुरेंद्र का आरोप है कि शोर मचाए जाने के बाद जब उसका चचेरा भाई सोनू व चाची सोमवती दोनों उसे छुड़वाने आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस मारपीट में घायल सुरेंद्र को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। एएसआई चंदन सिंह ने बताया कि पुलिस ने उक्त 6 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।