सिरसा। जिला की नारकोटिक्स सेल टीम ने गश्त के दौरान महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव भावदीन क्षेत्र से एक युवक को लाखो रुपये की 22 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। नारकोटिक्स सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर दाता राम ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेश उर्फ घोला निवासी वार्ड नंबर 4 गांव भावदीन के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि टीम गश्त के दौरान गांव भावदीन क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी को सूचना मिली की राजेश उर्फ घोला अपने घर के सामने हेरोइन बेचने के लिए ग्राहकों के इंतजार में खड़ा है । सूचना को पाकर नारकोटिक्स सेल टीम ने उक्त स्थान पर दबिश दी तो राजेश उर्फ घोला अपने घर के सामने खड़ा दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस पार्टी को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया तो शक के आधार पर काबू कर तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लाखो रुपये की 22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई । पकड़े गए युवक के खिलाफ थाना डिंग में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।