सिरसा। पुलिस ने नवविवाहिता को छोड़ कनाडा फरार होने की कोशिश करते आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। शुक्रवार देर शाम एक युवती ने सिरसा पुलिस अधीक्षक को शिकायत देते हुए बताया कि 6 महीने पहले कनाडा में रह रहे एक युवक से उसकी ऑनलाइन मुलाकात हुई। जिसके बाद दोनों में निरंतर बातचीत होने लगी। परिवार की रजामंदी से दोनों की सगाई भी हो गई। शिकायत में युवती ने बताया कि 18 नवंबर को उक्त युवक सिरसा आया। उक्त युवक सिरसा का ही निवासी है। जिसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से उनकी शादी हो गई। इसके बाद ससुराल पक्ष की तरफ से उनसे 30 लाख रुपये की डिमांड की गई तो उन्हें शक हुआ। जब उन्होंने युवक और उसके परिवार से संपर्क करना चाहा तो संपर्क नहीं हुआ। इस पर उन्होंने पुलिस को इस संबंध में शिकायत दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि शुक्रवार देर शाम सिरसा की न्यू हाउसिंग बोर्ड में रहने वाली एक युवती ने परिवार सहित पुलिस अधीक्षक को एक शिकायत दी। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई की और सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक टीम को दिल्ली एयरपोर्ट भेजा। जहां से आरोपी युवक साहिल खुराना को गिरफ्तार कर लिया गया। वही बाकी आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।