संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। ऑटो मार्केट के पास बुधवार को आपसी विवाद के चलते दो पक्ष आपस में भिड़ गए, जिसमें एक युवक की तेजधार हथियारों से वार करके हत्या कर दी गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच आरंभ कर दी। मृतक के परिजनों ने करीब 8 हमलावरों पर युवक की हत्या का आरोप लगाया है। इनमें एक व्यक्ति रिश्ते में मृतक का मामा लगता है।
पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर बाद ऑटो मार्केट के पीछे रेलवे लाइन के साथ झुग्गी झोपड़ियों में किसी बात को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। मृतक बब्बू की बहन रेखा ने बताया कि दोपहर बाद जब वह अपनी झुग्गी में पहुंची तो उसका भाई बब्बू घायल अवस्था में पड़ा था और रिश्ते का मामा उस पर चाकू से वार कर रहा था। उसके साथ अन्य लोग भी थे। अन्य झुग्गी के लोगों ने उसके भाई को छुड़वाकर नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने बब्बू को मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी जेजे काॅलोनी पुलिस चौकी को दी गई।
चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार ने नागरिक अस्पताल पहुंचकर मृतक के शव को मोर्चरी रखवाकर परिजनों के बयान लिए हैं। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।