सिरसा । रानियां रोड स्थित गुरुद्वारा चिल्ला साहब में तालाब में पांव धोते समय अचानक एक महिला पानी में गिर गई। काफी देर बाद गुरुद्वारे के सेवादारों ने महिला के शव को तालाब में बहता हुआ देखा। जिसके बाद उन्होंने शहर थाना की सब्जी मंडी चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। मृतका की पहचान रानियां रोड स्थित गली रविदास मंदिर वाली निवासी 44 वर्षीय सीमा पत्नी विनोद कुमार के रूप में हुई है। मृतका के दो लड़के हैं। मृतका के पति ने उसकी शनाख्त की। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि महिला सीमा मंगलवार को गुरुद्वारे में माथा टेकने के लिए आई थी। पांव धोते समय अचानक फिसलने से वह तालाब में गिर गई और डूब गई। वहां मौजूद लोगों ने जीवित होने की संभावना के चलते उसे बाहर निकाला परंतु तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका के पति के बयान पर शहर थाना पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत होने का मामला दर्ज किया है।