संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के सी ब्लॉक निवासी एक महिला को पैसे डबल करने का झांसा देकर शातिर लोगों ने 13.50 लाख रुपये की चपत लगा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में माही वधवा ने बताया कि 24 अप्रैल को टेलीग्राम पर उसका संपर्क अंकिता जैन व लीजा नाम की आईडी से हुआ। काफी देर तक उसकी बातचीत हुई। दोनों ने बातों ही बातों में उसे झांसे में ले लिया और कहा कि वे पैसे डबल करने का काम करते हैं। उसने आरोपियों के खाते में 300 रुपये डाले तो कुछ ही देर में उसके खाते में 630 रुपये आ गए। फिर उसने 2 हजार रुपये डाले, लेकिन वापस नहीं आए तो पूछने पर उन्होंने बताया कि आपके खाते में कोई तकनीकी खराबी है। आपके पैसे आ जाएंगे आप ज्यादा से ज्यादा राशि डालें। इसी प्रकार करते-करते 13.50 लाख रुपये उसने दोनों के खातों में डाल दिए, लेकिन वापस कुछ नहीं आया। कई दिनों तक वह इंतजार करती रही, लेकिन कुछ नहीं मिला। जिस पर उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। उसने तुरंत पुलिस को इस संबंधी सूचित किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।