संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा हरियाणा लोकहित पार्टी के साथ मिलकर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ेगी और तीसरी बार सरकार बनाएगी। सिरसा की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत होगी। वे हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा के आवास पर पत्रकाराें से बातचीत कर रहे थे।
विपक्ष की ओर से सरकार पर नौकरियां बेचने के आरोप पर सीएम सैनी ने कहा कि जो बोलते हैं, वह बोलते रहेंगे। उनके कार्यकाल में क्या हुआ है, पूरे प्रदेश के सामने है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। हमारी सरकार ने बिना पर्ची-खर्ची के मेरिट के आधार पर नौकरियां दी है। पेरिस ओलंपिक में शूटिंग में मनु भाकर व सरबजोत सिंह के कांस्य पदक जीतने पर सीएम ने दोनों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को सशक्त करने का काम कर रही है। खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। यही कारण है कि प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक या अन्य सभी बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में देश के लिए मेडल लेकर आ रहे हैं।
अधिकारियों को लगाई क्लास-दो दिन के भीतर किसानों को दें मुआवजा राशि
विधायक गोपाल कांडा के आवास पर 9 गांवों के किसान सीएम नायब से मिले और धिंगतानिया-सलारपुर खरीफ चैनल निर्माण को लेकर उनकी जमीन अधिग्रहित करने की सहमति के बावजूद मुआवजा न मिलने की बात कही। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री ने डीसी, सिंचाई विभाग के एक्सईएन और एसडीओ को दो दिन के भीतर हाई लेवल कमेटी के पास प्रपोजल भेजने और किसानों के खातों में मुआवजा राशि भेजने के आदेश दिए।
विधायक कांडा मांग चुके हैं 15 सीटें
बता दें कि हरियाणा लोकहित पार्टी के सुप्रीमो गोपाल कांडा ने पिछले दिनों केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं हरियाणा भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की थी और एनडीए का हिस्सा होने के नाते 15 सीटें मांगी थी। अभी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सीटों को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को सिरसा में हलोपा सुप्रीमो गोपाल कांडा के साथ मुलाकात के बाद एक साथ चुनाव लड़ने का बयान दे दिया है।
डबल इंजन की सरकार कर रही शहीदों के सपनों को साकार : सीएम
मुख्यमंत्री डेरा बाबा भूमणशाह संगर सरिस्ता में शिरोमणि शहीद ऊधम सिंह के 84वें शहीदी महासम्मेलन में पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने संगत को पौधे भी वितरित किए। बाबा ब्रह्मदास महाराज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट किया तथा सभी अतिथियों को सिरोपा पहना कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरों की शहादत की बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। शहीद ऊधम सिंह एक महान क्रांतिकारी थे। मुख्यमंत्री ने सिरसा, करनाल, रादौर, भूना, कुरुक्षेत्र, रतिया, जगाधरी में निर्माणाधीन कंबोज धर्मशालाओं के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने हिसार के पुराने गवर्नमेंट कॉलेज के मैदान में लगी शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा के पास उनके नाम पर लाइब्रेरी बनाने की घोषणा भी की।