संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सिरसा से दिल्ली जाने वाले दो हजार से ज्यादा नियमित यात्रियों के लिए अच्छी खबर नहीं है। दिल्ली जाने वाली 19 बसों का पहिया जल्द ही थम जाएगा। बढ़ते प्रदूषण के स्तर को देखते हुए दिल्ली सरकार ने यूरो-4 बसों की एंट्री दिल्ली में बैन कर दी है। ऐसे में रोडवेज के पास विकल्प भी नहीं है। क्योंकि सरकार की ओर से रोडवेज के सिरसा डिपो को मिलने वाली यूरो-6 की 30 बसें भी अभी तक नहीं मिली हैं।
दिल्ली सरकार ने अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और बसों की एंट्री बैन कर दी है। इससे सिरसा से दिल्ली जाने वाली सभी बसें बंद हो जाएंगी। इसका नुकसान सीधा यात्रियों को उठाना पड़ेगा। दिल्ली सरकार ने यूरो-6 बसों ही एंट्री करने की अनुमति दी है। सिरसा डिपो के पास यूरो-6 बसें नहीं होने के कारण दिल्ली के सभी रूट प्रभावित होंगे। नतीजतन हर रोज दो हजार यात्रियों को आवागमन के दौरान परेशानी झेलनी पड़ेगी।
बता दें कि सिरसा से दिल्ली के लिए हर रोज 19 बसों का संचालन होता है। किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली यूरो-4 बसों का संचालन किया जाता है। दिल्ली में प्रदूषण अधिक होने के कारण दिल्ली सरकार ने एक अक्तूबर से यूरो-4 की बसों की एंट्री बैन कर दी है और यूरो-6 की प्रदूषण रहित गाड़ियों को ही एंट्री दिए जाने के आदेश दिए हैं। ऐसे में यूरो-6 बसें विभाग के पास न होने के कारण हर रोज सिरसा से दिल्ली के लिए जाने वाले सभी बसों को बंद करना पड़ेगा। बसों के संचालन नहीं होने पर यात्रियों को अन्य किसी विकल्प का सहारा लेना पड़ेगा।
रोडवेज के पास है यूरो-4 और इससे पुरानी बसें
करीब दो वर्ष पहले ही सरकार की तरफ से किलोमीटर स्कीम को शुरू किया गया था। सिरसा डिपो को किलोमीटर स्कीम के तहत 32 बसें दी गई थी। यह सभी बसें यूरो-4 है, जबकि जो बसें रोडवेज के पास है उनका मॉडल भी इससे काफी पुराना है। ऐसे में मजबूरन विभाग को दिल्ली के साथ लगते अन्य जिलों तक ही बसों का संचालन करना पड़ेगा।
यूरो-6 की नई 30 बसें, लेकिन नहीं मिली
सिरसा रोडवेज को करीब एक वर्ष पहले मुख्यालय की ओर से यूरो-6 30 बसें अलॉट की गई थी, लेकिन अभी तक इनमें से कोई भी बस सिरसा डिपो में नहीं पहुंच पाई है। करीब एक माह पहले ही मुख्यालय की ओर से रोहतक व झज्जर डिपो से 38 बसें सिरसा भेजी जानी थी, जिनमें से केवल तीन ही बसें सिरसा पहुंच पाई। इन बसों की स्थिति कंडम होने के कारण रोडवेज ने बसें लेने से इनकार कर दिया। हालांकि सिरसा डिपो को दी जानी वाली सभी बसों की एनसीआर में एंट्री बैन थी।
दिल्ली सरकार की ओर से यूरो-4 बसों पर बैन लगाने को लेकर अभी तक कोई भी पत्र नहीं मिला है। अगर कोई पत्र आता है तो उस पर विचार किया जाएगा। मुख्यालय की ओर से जल्द ही नई बसों को भेजे जाने की उम्मीद है। अभी सभी रूटों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। - केआर कौशल, रोडवेज महाप्रबंधक, डिपो सिरसा।