संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। करीब एक सप्ताह से लगातार बारिश होने के कारण शहर और गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बारिश के कारण नरमे और ग्वार की फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई है। पिछले तीन दिनों से बारिश के कारण जलभराव से बाजार सुनसान नजर आ रहे हैं। इससे व्यापारियों को अब तक करीब 15 करोड़ की चपत लग चुकी है।
करीब एक सप्ताह से शहर के मुख्य बाजार, चौक चौराहे और गलियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। गांवों के जोहड़ ओवरफ्लो होने के बाद उनका पानी गांव की गलियों और घरों में घुस रहा है, मकान भी गिर रहे हैं। वहीं, उपायुक्त ने पंचायत, नगर परिषद और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जल्द ही स्थिति के समाधान करने के निर्देश दिए हैं।
जलनिकासी को लेकर पहले नहीं किए गए प्रबंध
बारिश से पहले प्रशासन की ओर से पर्याप्त प्रबंध नहीं किए जाने के कारण शहर और गांवों में स्थिति खराब हो रही है। गांवों के जलघरों की सफाई तक नहीं हो पाई। नतीजतन बारिश के पानी के कारण जोहड़ ओवरफ्लो हो रहे हैं। खेत और गांव की गलियां भी पानी से लबालब हो चुकी हैं। शहर में भी बरसाती नाले और सीवरेज लाइन साफ न किए जाने के कारण स्थिति खराब हो रही है। शहर की अग्रसेन कॉलोनी, कीर्तिनगर, प्रेम नगर, खैरपुर क्षेत्र सहित अन्य कई कॉलोनियों में स्थित मकानों में जलभराव हो रहा है।
रविवार को इन क्षेत्रों में हुई इतनी बारिश
क्षेत्र, एमएम
सिरसा, 16
पंजुआना, 15
ओटू, 10
नहराणा, 4
झंडा, 5
शहर के इन क्षेत्रों में एक सप्ताह से है जलभराव, निकासी का नहीं प्रबंध
शहर के आंबेडकर चौक, हिसार रोड, डबवाली रोड, बरनाला रोड बस स्टैंड के समक्ष, ओवरब्रिज के समक्ष, हिसारिया बाजार, गोल डिग्गी चौक, भादरा पार्क, सदर बाजार, भादरा बाजार, नोहरिया बाजार, जनता भवन रोड, शिव चौक से अनाज मंडी, शिव चौक से वाल्मीकि चौक, वाल्मीकि चौक से नागरिक अस्पताल रोड, एफ ब्लॉक, गोशाला रोड, रानियां रोड, कीर्तिनगर, अग्रसेन कॉलोनी, कंगनपुर रोड पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नतीजतन वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कारोबार पर पड़ी भारी मार
शहर के मुख्य बाजारों में तीन दिनों से अधिक जलभराव हो रहा है। ग्राहक बाजारों में नहीं पहुंच पा रहे। शहर के जनता भवन रोड, शिव चौक से अनाज मंडी और नोहरिया बाजार में जलनिकासी को लेकर कोई भी उपाय नहीं किया गया है। दुकानदारों को अब दुकानें बंद कर घर बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है। कपड़ा व्यापारी, जूते व्यापारी, ऑटो व्यवसाय, भादरा बाजार, इलेक्ट्रॉनिक बाजार में व्यापारी खाली बैठे हुए दिखाई दे रहे है। अब तक व्यापारियों को करीब 15 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
शहर और गांवों में पानी निकासी को लेकर अधिकारियों को अधिक से अधिक उपकरण लगाकर पानी की निकासी करवाने के आदेश दिए हैं। शहर में जिन स्थानों पर पहले पाइप लाइन डालने के लिए खोदाई हो चुकी है। उन स्थानों का काम पूरा करवाया जाएगा। इसके पश्चात ही शहर के अन्य स्थानों पर पाइप लाइन डाली जाएगी। जल्द ही शहरवासियों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
डॉ. अजय सिंह तोमर, उपायुक्त सिरस।
वर्जन
बाजारों में जलभराव की स्थिति होने के कारण ग्राहक नहीं पहुंच रहे है। व्यापार भी काफी मंदा पड़ चुका है। तीन दिनों में करीब 15 करोड़ का नुकसान हो चुका है। प्रशासन की ओर से अगर इसका जल्द ही समाधान नहीं करवाया गया तो व्यापारियों को मजबूरन रोष प्रदर्शन करना पड़ेगा ।
हीरालाल शर्मा, प्रधान, व्यापारी एसोसिएशन सिरसा।