संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने के बाद अब फिर से बढ़ते घग्गर नदी का जलस्तर ने प्रशासन व लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिले में घग्गर नदी का जलस्तर करीब एक फुट बढ़कर 13 फुट तक पहुंच गया है। नदी में अब अब 13 हजार 90 क्यूसेक पानी पहुंच रहा है, जोकि बीते दिन बुधवार को 9 हजार क्यूसेक था।
किसानों ने पनिहारी, मुसाहिबवाला के मुख्य तटबंध और मीरपुर व खैरेकां के पास टूटे छोटे तटबंधों की दरार को अपने स्तर पर भरना शुरू कर दिया है। सिरसा में सरदूलगढ़ से बुधवार को 12 फुट तक पानी पहुंच रहा था। इसके बाद वीरवार को जलस्तर बढ़कर 13 फुट तक पहुंच गया है। नदी में अभी छोटे तटंबध से करीब तीन फुट नीचे तक तक पानी बह रहा है। गुहलाचीका में नदी में जलस्तर 17 फुट यानी 38 हजार क्यूसेक तक पानी बह रहा है। इस पानी की शनिवार तक सिरसा में पहुंचने की आशंका है। बता दें कि एक माह पहले आई बाढ़ के कारण जिले के करीब 20 गांव इससे प्रभावित हुए थे। घग्गर नदी के साथ लगते गांवों की करीब 10 हजार एकड़ फसल जलमग्न हो गई थी। करीब 300 मकान और 150 ट्यूबवेल भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। घग्गर नदी का गांव पनिहारी के पास मुख्य तटबंध टूट गया था। इसमें 100- 100 फुट से बड़ी दरारें बन गई थीं। अब इसे किसान भरने में लगे हुए हैं।
किसान बोले- प्रशासन नहीं कर रहा कोई भी सहायता
मीरपुर, खैरेंका, अहमदपुर, सहारणी, नेजाडेला खुर्द सहित अन्य गांव वासियों का कहना है कि अगर वह तटबंध व बांध को नहीं बनाते तो फिर से उनके खेतों में जलभराव हो जाएगा। पहले ही उनके खेतों में फसल तबाह हो चुकी है। इसके अब उन्होंने दोबारा से धान की रोपाई की है। अगर अब फिर से जलभराव हुआ तो इसका उन्हें भारी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि करीब 15 दिनों से स्थिति सामान्य थ, लेकिन प्रशासन की ओर से बांधों को मजबूत व उसकी दरारों को नहीं भरा गया है।