संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा, डिंग मंडी। शहर में बाढ़ का पानी न आए इसके लिए प्रशासन ने गांव वैदवाला के पास नेशनल हाईवे पर साइफन को बंद कर दिया। इसके साथ ही पानी आने वाले संभावित स्थानों पर मिट्टी डालकर ऊंचा किया जा रहा है। इसके तहत चौथा मिल के पास रोड पर मिट्टी डालकर ऊंचा उठाया गया है। इसका गांव वैदवाला के ग्रामीणों ने विरोध जताया और मोरीवाला के पास नेशनल हाईवे पर जाम लग दिया। करीब एक घंटे बाद डीएसपी जगत सिंह ने मौके पर पहुंचकर हाईवे को खुलवा दिया और ग्रामीणों को शांत किया। वहीं, फतेहाबाद का पानी भी शुक्रवार शाम तक सिरसा के गांवों में पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
जिले में घग्गर नदी के पानी से अब तक 25 गांव प्रभावित हो चुके हैं, वहीं रंगोई नाला ओवरफ्लो होने से 13 गांव व दो हजार ढाणियां के पानी की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। डिंग रोड के पास बुधवार रात को टूटा रंगोई नाला वीरवार सुबह 12 बजे बांध जा सका। इसके कारण क्षेत्र में करीब 50 एकड़ फसल जलमग्न हो गई। गांव के साथ सरकारी कॉलोनी के पास पानी लग गया। शहर में पानी न आए इसके लिए प्रशासन ने गांव वैदवाला के पास नेशनल हाईवे और पानी आने वाले सभी मार्गों पर मिट्टी डाल ऊंचा करना शुरू कर दिया है। इससे गांव वैदवाला के ग्रामीण रोष में आ गए और नेशनल हाईवे जाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि अन्य गांव और शहर को बचाने के लिए प्रशासन उनके गांवों को डूबोना चाहता है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी जगह सिंह ने वहां पर वाहनों की आवाजाही शुरू करवा तो ग्रामीणों और पुलिस में नोकझोंक हो गई। इससे ग्रामीण रोष में आ गए और रोड से गुजरने वाले वाहनों के आगे खड़े हो गए। इसके बाद पुलिस ने मिट्टी डलवाने का कार्य करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
डीएसपी के हाथ में पकड़ाई लाठी, बोले- आप ही हमारे सिर में मार दो
रोड पर आवाजाही शुरू किए जाने को लेकर ग्रामीण डीएसपी जगह सिंह पर ही भड़क उठे। ग्रामीणों ने डीएसपी के हाथ में लाठी पकड़ा दी और अपना सिर आगे कर कहा कि आप ही हमारे सिर में लाठी मार दो। गांव से पानी निकासी के सभी रास्ते प्रशासन ने बंद करवा दिए हैं। इसके कारण गांव में पानी भरना तय है, जिससे वह वैसे ही मर जाएंगे। इससे अच्छा आप ही हमारे सिर में लाठी मार दो। डीएसपी ने ग्रामीणों को शांत करते हुए कहा कि जिस रोड पर मिट्टी डालने की बात कह रहे हो वह काम बंद करवा दिया गया है। किसी भी गांव को खतरा नहीं है।
मशीन नहीं मिलने के कारण 16 घंटे तक डिंग क्षेत्र में नहीं बंधा टूटा तटबंध
डिंग क्षेत्र में रंगोई नाला ओवरफ्लो होकर बुधवार देर शाम आठ बजे दरार आ गई। ग्रामीणों ने दरार को भरने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। 16 घंटे तक इस क्षेत्र में पानी चला रहा। किसानों ने बताया कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से मदद की गुहार भी लगाई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पाई। इसके बाद कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला रोड से गुजरने वाली एक पोकलेन मशीन को लेकर वहां पर पहुंचे। इसके बाद करीब 12 बजे दरार को भरा जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने उन्हें दो मशीनें दी गई थी। लेकिन वे दोनों ही तटबंध पर आते ही जवाब दे गई। एक मशीन गांव बग्गुवाली के खेत में ही धंस गई। इसके कारण उनके करीब 50 एकड़ में जलभराव हो गया है।
ये गांव खतरे में
एक सप्ताह से घग्गर नदी और रंगोई नाले में पानी ओवरफ्लो होने के कारण इसके तटबंध अब कमजोर हो रहे है। रंगोई नाले के साथ लगते गांव बग्गुवाली, नरेलखेड़ा, डिंग रोड, पतली डाबर, जोधकां, मौजूखेड़ा, भावदीन, रसुलपुर, रसुलपुर थेहड़ी, दड़बी, सिंकंदरपुर, बाजेका, वैदवाला सहित अन्य गांव व दो हजार ढाणियां खतरे में हैं।
एक स्कूल की गिरी दीवार, अन्य स्थानों पर स्थिति हुई खराब
जिले में अब तक एक गांव ही घग्गर के पानी के कारण अधिक प्रभावित है। इस गांव में सरकारी स्कूल की दीवार गिरी है। अन्य गांवों में अभी स्थिति सामान्य बनी हुई है।
घग्गर का यह है जलस्तर
स्थान, क्यूसेक
गुहलाचीका, 47594
खनौरी, 13425
चांदपुरा, 19730
रंगोई नाला, 12450
सरदूलगढ़, 55000
ओटू, 41375
राजस्थान माइनर, 37375