गोरीवाला। स्टेट हाईवे नंबर 32 पर भीमराव आंबेडकर चौक से रामपुरा बिश्नोइयां की तरफ जाने वाली सड़क की हालत जर्जर है। बार-बार शिकायत करने पर भी सड़क को ठीक नहीं करवाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। वरिष्ठ डॉ. केवी सिंह ने धरने में पहुंचकर ग्रामीणों को सात दिन में सड़क बनाने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य बस स्टैंड से रामपुरा बिश्नोइयां की तरफ जाने वाली सड़क पिछले काफी वर्षों से जर्जर हालत में है। बारिश के दिनों में यह सड़क तालाब का रूप धारण कर लेती है। इससे उप तहसील में पढ़ने वाले बच्चों, लोगों को काफी असुविधाओं का सामना उठाना पड़ता है। ग्राम पंचायत ने सड़क की दयनीय स्थिति के बारे में कई बार पीडब्ल्यूडी को अवगत करवाया। विभाग के अधिकारी आश्वासन देते हैं, लेकिन सड़क निर्माण आज तक नहीं किया गया। इतना ही नहीं, दुकानदार कई सड़क बनाने की मांग कई बार ग्राम पंचायत में रख चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसी से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को रोड जाम कर धरना लगा दिया।
रोड जाम की सूचना मिलने पर विधायक के पिता डॉ. केवी सिंह ने स्थिति को संभालते हुए हुए ग्रामीणों को आश्वस्त कर शीघ्र समाधान करने की बात कहीं। ग्रामीणों ने आश्वासन के बाद धरना हटा दिया। डॉ. केवी सिंह ने धरनारत ग्रामीणों को बताया कि हलका डबवाली के विधायक अमित सिहाग को सड़कों के पुन: निर्माण और रिपेयर के लिए मिले 25 करोड़ के फंड में से दोनों सड़कों के निर्माण हेतु फाइल भेजी हुई है। इसमें से गोरीवाला से सिरसा जाने वाली सड़क, जिसकी लागत करीब 93 लाख रुपये है, टेंडर अलॉट हो चुका है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।