बिजली निगम कार्यालय में धरना लगाकर बैठे गांव सिंघपुरा के ग्रामीण। संवाद
- फोटो : Sirsa
कालांवाली। गांव सिंघपुरा के ग्रामीणों को करीब एक माह से बिजली समस्या से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर गांव सिंघपुरा के ग्रामीण मंगलवार को बिजली निगम कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच निशान सिंह के नेतृत्व में बिजली निगम कार्यालय में धरना लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। कई घंटों तक कोई सुनवाई ना होने पर रोष स्वरूप ग्रामीणों ने बिजली निगम कार्यालय के मुख्य गेट को बंद करके धरना लगाकर अपना रोष जाहिर किया।
पूर्व सरपंच निशान सिंह, बलदेव सिंह, मनप्रीत सिंह, अमृतपाल सिंह, मलकीत सिंह, मिठ्ठू सिंह, नछत्तर सिंह, गुरदीप सिंह, सुखबीर, सिंह, सहदेव शर्मा, भोला सिंह, बब्बू सिंह, गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनके गांव में तलवंडी-कालांवाली रोड पर बिजली निगम की तरफ से ट्रांसफार्मर लगाया हुआ है, जोकि काफी जर्जर अवस्था में है। इस ट्रांसफार्मर से गांव के लगभग 80 घरों की बिजली सप्लाई होती है। इसके चलते गर्मी में आमजन के रोजमर्रा के कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ में ट्रांसफार्मर में आग की चिंगारियों से कोई बड़ा नुकसान होने का भी भय सत्ता रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि वे बिजली समस्या को लेकर एसडीओ और जेई को कई बार अवगत करवा चुके हैं। इन अधिकारियों की ओर से आमजन की समस्या का समाधान करवाना तो दूर की बात, ग्रामीणों का फोन उठाना भी उचित नहीं समझते। इसके बाद एसडीओ की गैर-मौजूदगी में जेई कश्मीर ने ग्रामीणों को एक बार अपने कोटे से ट्रांसफार्मर देकर शांत करवाया और करीब पांच घंटे बाद धरना समाप्त करवाया।