सिरसा। राज्य सरकार की ओर से शहर में एक शहरी स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) का भवन बनाने के लिए 65 लाख रुपये मिले हैं। इस राशि से मेला ग्राउंड में यूपीएचसी के भवन का निर्माण किया जाएगा। इसलिए विभाग नगरपरिषद को पत्र भेजकर जमीन मांगी गई है। जमीन मिलने पर इस कार्य में तेजी लाई जा सकेगी।
नागरिक अस्पताल में कोरोना काल के बाद बढ़ी मरीजों की संख्या और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक शहर में मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर यूपीएचसी खोलने की घोषणा की गई थी। इसके तहत जिले में 16 यूपीएचसी खोले जा चुके हैं। इन केंद्रों को खोलने का पूरा लाभ आमजन को नहीं मिल रहा है। क्योंकि विभाग के पास स्टाफ की कमी है। सभी यूपीएचसी किराये के भवनों में संचालित हैं।
गावों के बाद अब शहर में खुलेंगे मोहल्ला क्लीनिक
जिले में कुल आबादी के आधार पर गांवों में सरकारी जमीन पर पीएचसी और सीएचसी बनाए गए हैं। वहीं, शहर में बनने वाले मोहल्ला क्लीनिक का फायदा खांसी-जुकाम, बुखार आदि रोगों के मरीजों को बड़े स्तर पर मिलेगा। उन्हें नागरिक अस्पताल में चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी और नागरिक अस्पताल भी मरीजों का बोझ कम होगा।
जिले में संचालित शहरी स्वास्थ्य केंद्र
जिले में खुले 16 यूपीएचसी में से 10 सेंटर किराये के भवनों में चलाए जा रहे हैं। इनमें मेला ग्राउंड, मिनी सचिवालय, शक्तिनगर, नाथ मोहल्ला, गुरुनानक नगर, खैरपुर, शिवनगर, प्रीतनगर, पीर बस्ती, रेडक्राॅस भवन शामिल हैं। ऐलनाबाद और डबवाली में दो-दो, रानियां और कालांवाली में एक-एक यूपीएचसी चलाए जा रहे हैं। मोहल्ला क्लीनिक में चिकित्सक सहित चार पद सृजित हैं। यहां एक एमबीबीएस चिकित्सक, एक स्टाफ नर्स, एक एमपीएचडब्ल्यू पुरुष, एक डाटा एंट्री ऑपरेटर और एक जनरल ड्यूटी असिस्टेंट की नियुक्ति होगी।
यूपीएचसी का भवन के बनाने के लिए विभाग को 65 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। शहर के मेला ग्राउंड में यूपीएचसी के लिए भूमि की जरूरत है। इसका पत्र नगर परिषद को भेजा गया है। अब भूमि चयन का कार्य शुरू कर दिया गया है।
-डाॅ. बुधराम, उपसिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल, सिरसा।