अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करती नगर परिषद की टीम।
सिरसा। नगर परिषद का अतिक्रमण हटाने को लेकर तीसरे दिन भी अभियान जारी रहा। अभी तक रेहड़ी पटरी और बाजार के दुकानदारों के अतिक्रमण हटाने तक यह सीमित था। बुधवार को अस्पतालों के बाहर लगे स्थाई बोर्ड से लेकर दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर पिलर चेन लगाकर बनाई गई पार्किंग पर कार्रवाई की गई। वहीं व्यापारियों को चेतावनी दी गई कि अतिक्रमण करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पिछले तीन दिनों से शहर के विभिन्न बाजारों में अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद की टीम कार्रवाई कर रही है। नगर परिषद की ओर से मुख्य बाजारों के साथ साथ बुधवार को डबवाली रोड, हिसार रोड पर बड़े स्तर पर कार्रवाई गई। इस दौरान अस्पतालों के बाहर लगे बोर्ड, पार्किंग के लिए लगाई गई ग्रिल, लाइटिंग बोर्ड आदि को जेसीबी से उखाड़ा गया। वहीं फुटपाथ पर लगाए जाने वाले खोखे व होर्डिंग आदि को उठाया गया।
सालों बाद कई बाजार हुए खाली
सालों से जिन गलियों और बाजारों में फड़ वालों ने कब्जा किया हुआ था। उन एरिया को बुधवार को पूरी तरह से नगर परिषद की टीम ने खाली करवाया। इन बाजारों में लगने वाली 50 से 70 अवैध दुकानों को हटा दिया गया। इन बाजारों में जो सड़क तीन फुट की रह गई थी, वो अब 10 फुट चौड़ी हो गई है। बाजारों में इस कार्रवाई से दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों के अनुसार सर्कुलर रोड, पालिका बाजार, जनता भवन रोड, सांगवान चौक, हिसारिया बाजार, रोड़ी बाजार, मीना बाजार, डबवाली रोड, हिसार रोड आदि में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई।
मुख्य रोड व बाजारों में अतिक्रमण नहीं रहने दिया जाएगा। किसी भी तरह का कब्जा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फुटपाथ और पार्किंग की जगह आमजन की है। उसे खाली करवाया जाएगा।
- जयवीर सिंह, सीएसआई, नगर परिषद