संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नगर परिषद कार्यालय में रिश्वत के आरोप लेने को लेकर बुधवार शाम को तीन घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। युवा नेता गोकुल सेतिया ने एक सेवादार पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए रंगे हाथ पकड़ने का दावा किया है। इस दौरान सफाई कर्मचारी व गोकुल सेतिया आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में गाली-गलौज भी हुई। नगर परिषद के ईओ ने गोकुल सेतिया व उसके समर्थकों पर कर्मचारी को बंधक बनाकर बैठाने और कार्यालय को हाईजैक करने का आरोप लगाया है।
नगर परिषद कार्यालय में पहुंचे हरि विष्णु कॉलोनी निवासी मनोज कोचर ने आरोप लगाया कि बीते दो तीन माह से वह एनओसी निकलवाने के लिए आ रहा है, लेकिन अधिकारी प्लाट की एनओसी नहीं निकाल रहे। ऐसे में उन्होंने नगर परिषद के ही एक सेवादार से बात की। इसके बाद सेवादार ने एनओसी के बदले 10 हजार की मांग की और पांच हजार रुपये में सौदा हुआ। बुधवार को वह पांच हजार रुपये लेकर कार्यालय में पहुंचे। इससे पहले उसने सभी नोटों की फोटो कॉपी करवा ली और मामले की सूचना युवा नेता गोकुल सेतिया को दी। तब उसने उक्त युवक को पांच हजार रुपये की राशि थमा दी। इसके बाद गोकुल सेतिया व उसके समर्थकों ने सेवादार को रंगे हाथ पकड़ लिया और मामले की सूचना शहर थाना पुलिस को दी। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक गोकुल सेतिया व उसके समर्थकों ने सेवादार को नीचे ही बैठाए रखा। गोकुल सेतिया सोशल मीडिया पर लाइव आ गया और इस बारे में बताता रहा। सूचना मिलने पर नगर परिषद के सफाई व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो गोकुल सेतिया ने सभी को वहां से बाहर निकाल दिया। इसके कारण दोनों पक्षों में हंगामा हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जाति सूचक गाली निकालने के आरोप जड़ने शुरू कर दिए। पुलिस ने गोकुल सेतिया और अन्य कर्मचारियों को शांत करने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक यहां पर हंगामा होता रहा। गोकुल सेतिया कहा कि जब हमने सेवादार को रंगे हाथ पकड़ा तो कर्मचारियों ने उसे छुड़वाने लगे और गाली-गलौज की।
सफाई कर्मचारियों ने मुख्य गेट पर लगाया ताला, पुलिस ने खुलवाया
कर्मचारियों ने नगर परिषद के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। दोनों पक्ष एक दूसरे पर कई तरह से तंज कसते रहे। मामले की सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस, डीएसपी धर्मवीर सिंह और चौकी प्रभारी राजबाला मौके पर पहुंचे और सेवादार को साथ ले गए। वही, अन्य सभी सदस्यों को वहां से बाहर भेज दिया। इसके चलते नगर परिषद के कर्मचारियों ने मुख्य गेट को ताला लगा दिया। पुलिस ने सफाई कर्मचारियों से गेट की चाबी लेकर गोकुल सेतिया व उसके समर्थकों को बाहर भेज दिया। वही मनोज कुमार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है।
सफाई कर्मचारी बोले: सेतिया पर कार्रवाई नहीं हुई तो सफाई का कार्य बंद कर करेंगे आंदोलन
नगर परिषद के सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान मनोज अटवाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नगर परिषद में किसी कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। इसके चलते वह उसे देखने के लिए गए थे। गोकुल सेतिया ने उनको जाति सूचक व गंदे इशारे किए। इसके कारण वह उसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई नगर परिषद में गलत कार्य करता है या रिश्वत लेता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन गोकुल सेतिया ने उनको चोर व जाति सूचक गाली निकाली है। उन्होंने कहा कि सेतिया पर मानहानि, जाति सूचक गाली निकालने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो वे सफाई का कार्य बंद कर आंदोलन करने पर भी मजबूर होंगे।
मामले की करवाई जाएगी जांच: संदीप मलिक
रिश्वत लेने मामले की उनके पास कोई भी शिकायत नहीं आई है। नगर परिषद में उनके कर्मचारी को बंधक बनाकर बैठाया गया था और कार्यालय को हाईजैक किया गया था। इसके चलते अब मामले की जांच करवाई जाएगी। रिश्वत लेने की शिकायत पुलिस के पास पहुंची है। - संदीप मलिक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सिरसा।
नगर परिषद कर्मचारी पर रिश्वत लेने के लगे आरोपों की अभी नगर परिषद ही अपने स्तर पर जांच करेगा। आरोपी ठहराए गए युवक की जेब से राशि बरामद हुई है, लेकिन वह राशि किस तरह से उसकी जेब में गई, इसकी जांच नगर परिषद करेगी। इसके पश्चात वह पुलिस को मामले की शिकायत देगी। शिकायत के बाद ही पुलिस मामले पर कार्रवाई करेगी। - धर्मवीर, डीएसपी, सिरसा।